बिहारशरीफ: Nalanda News: नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के गंजपर गांव में चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर काशा-पीतल के बर्तन, सोने-चांदी के आभूषण और 25 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। एक साल के भीतर इसी घर में दूसरी बार चोरी की घटना होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
घर की मालकिन प्रतिमा कुमारी ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य बाहर रहते हैं। कुछ लोग दिल्ली तो कुछ बिहारशरीफ में रहते हैं। इस कारण घर में अक्सर ताला लगा रहता है। चार-पांच दिन पहले वह किसी काम से घर आई थीं, तब सब कुछ सामान्य था।
रविवार सुबह वह घर की सफाई करने पहुंचीं तो मुख्य गेट पर ताला लगा था, लेकिन दूसरे गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने गोदरेज और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे सामान चोरी कर लिए।
प्रतिमा कुमारी ने बताया कि करीब दो महीने पहले परिवार में शादी हुई थी। शादी के लिए घर में काशा-पीतल के बर्तन, सोने-चांदी के आभूषण और करीब 25 हजार रुपये नकद रखे गए थे। चोर इन सामानों को लेकर फरार हो गए। उन्होंने कहा कि परिवार में जब भी शादी होती है, उसके आसपास चोरी की घटना हो जाती है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और रहुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल की जांच की। रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर जाकर जांच की है।
फिलहाल पीड़ित परिवार की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।