एक धंधेबाज गिरफ्तार, स्पिरिट और शराब बनाने के उपकरण बरामद; त्योहार में बाजार में खपाने की थी तैयारी
Nalanda news नालंदा जिले में त्योहार से पहले मद्य निषेध विभाग और मानपुर पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने मानपुर थाना क्षेत्र के परोहा गांव में छापेमारी कर मिनी विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से 570.375 लीटर नकली विदेशी शराब समेत भारी मात्रा में स्पिरिट, नकली रैपर, ढक्कन और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
खंडहरनुमा मकान में चल रहा था अवैध कारोबार
कार्रवाई मद्य निषेध थानाध्यक्ष नीतीश कुमार और मानपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार के संयुक्त नेतृत्व में की गई। छापेमारी के दौरान पता चला कि पुराने मकान में स्पिरिट और केमिकल कलर मिलाकर नामी कंपनियों के नाम पर नकली अंग्रेजी शराब तैयार की जा रही थी। तैयार शराब को नकली रैपर और ढक्कन लगाकर बाजार में बेचने की तैयारी थी।
सरबहदी में कार्रवाई के बाद बदला था ठिकाना
मद्य निषेध थानाध्यक्ष के अनुसार, इस गिरोह के तार सरबहदी गांव से जुड़े हैं। 15 अप्रैल को वहां हुई पुलिस कार्रवाई के बाद तस्करों ने अपना ठिकाना बदलकर परोहा गांव में नई फैक्ट्री शुरू कर दी थी।

ज्ञानेंद्र कुमार गिरफ्तार
पुलिस ने परोहा गांव निवासी ज्ञानेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है। छापेमारी में 50 लीटर स्पिरिट, पांच लीटर कलर, चार बोरा ढक्कन, एक बोरा नकली रैपर, खाली बोतलों के तीन बोरे, पंचिंग मशीन, मोटर और तीन बीकर भी जब्त किए गए हैं। पुलिस मकान मालिक की पहचान करने के साथ फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
