Nalanda News: अभियान बसेरा-2 के तहत जमीन और बासभूमि का पर्चा मिलने की उम्मीद में सोमवार को हरनौत अंचल क्षेत्र के विभिन्न गांवों से सैकड़ों महादलित एवं भूमिहीन परिवार पटना के लिए रवाना हुए। सुबह लोग टेंपो और टोटो से हरनौत रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से ट्रेन पकड़कर पटना के लिए रवाना हुए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अभियान बसेरा-2 के तहत पात्र भूमिहीन परिवारों को 3 से 5 डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने तथा बासभूमि का पर्चा देने के लिए पटना में आवेदन जमा करने की सूचना क्षेत्र में फैल गई थी। इसी सूचना के आधार पर बड़ी संख्या में लोग पटना जाने के लिए घरों से निकले।
इधर, मामले को लेकर हरनौत अंचलाधिकारी रीता कुमारी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि अभियान बसेरा-2 के तहत आवेदन जमा करने के लिए किसी को पटना जाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों से आवेदन प्रखंड सह अंचल कार्यालय में ही लिए जा रहे हैं।
सीओ ने बताया कि हरनौत अंचल मुख्यालय में योजना के लिए विशेष काउंटर बनाया गया है, जहां पात्र लोग अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। अंचल प्रशासन की ओर से सभी पंचायतों में भी इसकी सूचना दी गई है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि अभियान बसेरा-2 को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान नहीं दें और आवेदन जमा करने के लिए अनावश्यक रूप से पटना की यात्रा न करें। योजना से संबंधित सही जानकारी के लिए लाभुक अपने प्रखंड सह अंचल कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
अभियान बसेरा-2 के तहत भूमिहीन परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया राज्य में चल रही है। हालिया जानकारी के अनुसार, आवेदन और पात्र लाभुकों की पहचान के लिए पंचायत तथा अंचल स्तर पर भी व्यवस्था की जा रही है।