Nalanda News: स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत “स्वच्छता ही सेवा 2026” अभियान के अंतर्गत 2 अक्टूबर को बिहारशरीफ नगर निगम परिसर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नगर निगम के जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में महापौर अनिता देवी, उपमहापौर आईशा शाहीन, नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन सहित सशक्त स्थायी समिति के सदस्य धनंजय कुमार उर्फ पप्पू यादव, संजय कुमार आजाद एवं विनोद रविदास, वार्ड पार्षद, नगर प्रबंधक, सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए।
इस दौरान महापौर, उपमहापौर एवं नगर आयुक्त की अध्यक्षता में विशेष काउंसिल बैठक हुई। बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली (SWM Rules) 2026 के तहत चार-स्तरीय कचरा पृथक्करण एवं निस्तारण व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने तथा लोगों को जागरूक करने की रणनीति पर चर्चा की गई।
नगर आयुक्त ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बिहारशरीफ के निर्माण में सामूहिक सहभागिता का संकल्प लिया।
वहीं, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत नगर निगम परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने पौधारोपण किया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।