स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत नगर निगम की पहल, घरों में चार डस्टबिन के इस्तेमाल और श्रमदान पर जोर
Nalanda। नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शहर के 30 प्रमुख चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम नागरिकों को साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी का संदेश दिया जा रहा है।
नगर निगम का उद्देश्य स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप देना और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना है।
नगर निगम की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के तहत प्रत्येक रविवार को नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख स्थलों पर श्रमदान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।

नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को बताया जा रहा है कि शहर को साफ रखने के लिए केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी भी जरूरी है।
अभियान के दौरान नागरिकों से अपने घरों में चार डस्टबिन का उपयोग, कचरे का उचित प्रबंधन करने और घरों के साथ-साथ आसपास की गलियों व मोहल्लों को स्वच्छ रखने की अपील की जा रही है। लोगों को स्वयं श्रमदान करने तथा दूसरे लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
नगर निगम के इस जागरूकता अभियान के तहत अंबर मोड़, भैंसासुर मोड़, हॉस्पिटल मोड़, बड़ी पहाड़ी तिराहा, मोगलकुआं, ऐतवारी बाजार मोड़, सोहसराय थाना के पास, किसान कॉलेज के पास, नेशनल हाई स्कूल शेखाना, नईसराय मोड़, खंदकपर मोड़, रेलवे स्टेशन गुमटी के समीप, बीचली खंदक रोड, महलपर,
बाबा मणिराम अखाड़ा के समीप, बड़ी दरगाह, कटरा तिराहा, लहेरी थाना के समीप, कारगिल बस स्टैंड, भरावपर, रामचंद्रपुर बस स्टैंड, देवीसराय चौराहा, पोस्ट ऑफिस मोड़, नवाब रोड, कुमार सिनेमा, कॉलेजिएट स्कूल, टेलीफोन एक्सचेंज, कन्या मध्य विद्यालय कमरुद्दीनगंज, सहोखर और बबुरबन्ना सहित 30 प्रमुख स्थलों को शामिल किया गया है।

नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, कचरे को निर्धारित तरीके से निस्तारित करें और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें। सामूहिक प्रयास से ही बिहारशरीफ को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाया जा सकता है।
