30 अक्टूबर से शुरू होगा ऑल इंडिया राजगीर ट्रेक कैंप, कैडेटों की सुरक्षा और अनुशासन पर विशेष जोर
Nalanda। एनसीसी बिहार एवं झारखंड निदेशालय के अपर महानिदेशक (एडीजी) मेजर जनरल रविंदर सिंह ने शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को 38 बिहार बटालियन एनसीसी मुख्यालय का आधिकारिक दौरा कर वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आगामी 30 अक्टूबर 2026 से आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के ऑल इंडिया राजगीर ट्रेक कैंप की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यालय पहुंचने पर बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल अजय कुमार और सैन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद एनसीसी कैडेटों ने एडीजी को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी।
निरीक्षण के दौरान कमान अधिकारी कर्नल अजय कुमार ने बटालियन की प्रशिक्षण गतिविधियों, प्रशासनिक प्रबंधन और आगामी ट्रेक कैंप की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों और एनसीसी निदेशालयों से सैकड़ों कैडेटों के शामिल होने की संभावना है।

उनके ठहरने, खानपान, सुरक्षा और परिवहन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
समीक्षा बैठक में राजगीर की ऐतिहासिक पहाड़ियों पर ट्रेकिंग मार्ग के निर्धारण, सुरक्षा प्रोटोकॉल, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन मेडिकल रेस्क्यू टीम की तैनाती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
इसके साथ ही कैंप के दौरान राष्ट्रीय एकता और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से कैडेटों में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने और उन्हें बिहार की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने की योजना है।

एडीजी मेजर जनरल रविंदर सिंह ने बटालियन की तैयारियों और मुख्यालय के सुव्यवस्थित रखरखाव पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि कैंप में भाग लेने वाले कैडेटों की सुरक्षा, अनुशासन और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
इस अवसर पर बटालियन के सैन्य अधिकारी, एसोसिएट एनसीसी अधिकारी (एएनओ), पीआई स्टाफ और बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे।
