पूजा समितियों को सदस्यों की तैनाती का निर्देश, आशानगर पंडाल के पास पेड़ों की टहनियों की होगी छंटाई
Nalanda News। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने को लेकर नगर निगम प्रशासन सक्रिय है। इसी क्रम में नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने सोमवार को बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा स्थलों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित पूजा समितियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने बड़ी पहाड़ी स्थित श्री बड़ी दुर्गा पूजा समिति, भैंसासुर स्थित श्री काली पूजा समिति, आशानगर दुर्गा पूजा समिति तथा मोहद्दीनगर दुर्गा पूजा समिति के पंडालों का निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
नगर आयुक्त ने सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया कि पूजा स्थल पर समिति के सदस्यों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं का समुचित ध्यान रखा जा सके। उन्होंने पूजा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक प्रबंध करने पर जोर दिया।

आशानगर पंडाल के पास पेड़ों की टहनियों की होगी छंटाई
निरीक्षण के दौरान आशानगर दुर्गा पूजा पंडाल के समीप पेड़ों की बड़ी टहनियों को देखते हुए उनकी छंटाई कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचना और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाए रखना है।
साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर
नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने कहा कि बिहारशरीफ नगर निगम श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पूजा पंडालों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
नगर निगम प्रशासन की ओर से दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही पूजा समितियों से आपसी समन्वय बनाकर पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की गई है।
