तीन दोस्तों के साथ बाढ़ देखने गया था रिपु कुमार, स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
संवाद सहयोगी, करपी, अरवल। थाना क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित सेलारपुर गांव के समीप शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। आहर में स्नान करने के दौरान 12 वर्षीय किशोर रिपु कुमार डूब गया। हादसे के समय उसके साथ मौजूद तीन दोस्त किसी तरह पानी से बाहर निकल आए, लेकिन रिपु का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
लापता किशोर की पहचान सेलारपुर गांव निवासी सिंपी यादव के 12 वर्षीय पुत्र रिपु कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया।
बाढ़ देखने निकले थे चारों दोस्त
ग्रामीणों के अनुसार, रिपु कुमार शनिवार को अपने तीन दोस्तों के साथ सेलारपुर-धमौल पथ पर स्थित आहर के पास बाढ़ का पानी देखने गया था। इसी दौरान चारों दोस्त आहर में स्नान करने लगे।
बताया गया कि स्नान करते समय रिपु गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने के लिए हाथ पकड़ लिया, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण उनका हाथ छूट गया। इसके बाद रिपु देखते ही देखते आहर के पानी में लापता हो गया।
दोस्तों के शोर मचाने पर जुटे ग्रामीण
रिपु के पानी में डूबने के बाद उसके दोस्तों ने किसी तरह आहर से बाहर निकलकर शोर मचाना शुरू किया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद कुछ ग्रामीणों ने भी आहर में उतरकर किशोर की तलाश शुरू की।
काफी देर तक प्रयास किए जाने के बावजूद रिपु का पता नहीं चल सका। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
स्थानीय तैराकों ने भी की तलाश
सूचना मिलते ही पुलिस दो स्थानीय ग्रामीण तैराकों को लेकर घटनास्थल पर पहुंची। तैराकों ने दोबारा आहर में उतरकर रिपु की खोज शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिली।
बाद में तैराक पानी से बाहर निकल आए और पुलिस भी वापस लौट गई। लापता किशोर की तलाश को लेकर परिजनों और ग्रामीणों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
बेटे की सलामती के लिए परिजनों की गुहार
घटना के बाद घटनास्थल पर रिपु के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजन बेटे की सकुशल बरामदगी के लिए लोगों से गुहार लगाते रहे।
बाढ़ के पानी में स्नान के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर जलभराव वाले इलाकों में बच्चों और किशोरों के जाने को लेकर चिंता बढ़ा दी है।