तेज धमाके से दहशत, पीरबहोर पुलिस और टाउन डीएसपी-1 ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
संवाददाता, पटना। पटना यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट के पास शनिवार की दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब डबल डेकर पुल की ओर से गेट पर बम फेंके जाने की घटना सामने आई। तेज आवाज के साथ हुए विस्फोट से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद बम फेंकने वाले मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पीरबहोर थाने की पुलिस और टाउन डीएसपी-1 घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
CCTV फुटेज से आरोपितों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर बम फेंकने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय संदिग्ध किस दिशा में मौजूद थे और वारदात के बाद वे किस ओर भागे।
घटना के कारणों का अब तक पता नहीं
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बम किस दिशा से और किसने फेंका था। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
फिलहाल पटना यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट के पास हुए धमाके के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बना रहा। पुलिस की जांच और CCTV फुटेज से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि घटना को किसने अंजाम दिया और इसके पीछे की वजह क्या थी।