एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 114 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। भारत की इस बड़ी जीत की सबसे बड़ी स्टार शेफाली वर्मा रहीं, जिन्होंने महज 49 गेंदों में नाबाद 100 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 9 छक्के और 3 चौके लगाए।
भारत और बांग्लादेश के बीच यह मुकाबला जापान के निस्शिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला गया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 15.4 ओवर में सिर्फ 81 रन पर सिमट गई। भारत ने यह मुकाबला 114 रन के बड़े अंतर से अपने नाम किया।
शेफाली वर्मा ने जड़ा पहला T20I शतक
भारत की पारी की शुरुआत शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दी। मंधाना 37 रन बनाकर आउट हुईं।
INDIAN WOMEN’S TEAM ARE THE INTO THE FINALS OF ASIAN GAMES 2026!
– Defeats Bangladesh by 114 runs! 💪🔥
WELL DONE GIRLS, FINAL VS SRI LANKA 🇱🇰 pic.twitter.com/cXloSedkj7
— The Khel India (@TheKhelIndia) September 20, 2026
इसके बाद शेफाली ने अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा। उन्होंने बांग्लादेश के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा और सिर्फ 49 गेंदों में नाबाद 100 रन पूरे कर लिए। उनकी पारी में 3 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। यह शेफाली का महिला T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहला शतक रहा।
शेफाली की इस पारी के साथ उन्होंने एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज के रूप में भी इतिहास रचा। उनकी पारी ने भारत को 195 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
हरमनप्रीत कौर ने भी संभाली पारी
स्मृति मंधाना के आउट होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शेफाली के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच 94 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई।
हरमनप्रीत ने 33 गेंदों पर 40 रन बनाए, जिसमें 6 चौके शामिल थे। उनके आउट होने के बाद भारत ने कुछ विकेट गंवाए, लेकिन शेफाली आखिरी तक क्रीज पर डटी रहीं और अंतिम गेंद पर अपना शतक पूरा किया।
196 रन के लक्ष्य के दबाव में बिखरी बांग्लादेश टीम
भारत से मिले 196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ओवर में ही जुआरिया फिरदौस बिना खाता खोले आउट हो गईं।
इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट हासिल किए। कप्तान निगार सुल्ताना भी 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। बांग्लादेश की बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह दबाव में नजर आई।
भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट लेकर बांग्लादेश की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई। श्रेयंका पाटिल और श्रीचरणी ने भी विकेट हासिल किए। बांग्लादेश की पूरी टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारत की नजर अब गोल्ड मेडल पर
इस जीत के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। फाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा।
श्रीलंका ने पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी। अब भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबले में गोल्ड मेडल के लिए जंग होगी।
शेफाली के शतक ने बनाए कई रिकॉर्ड
शेफाली की 100 रन की पारी सिर्फ भारत की जीत तक सीमित नहीं रही। इस पारी के दौरान उन्होंने महिला T20I क्रिकेट में कई आंकड़ों में भी अपनी स्थिति मजबूत की। 2026 में उनके T20I रनों की संख्या 815 तक पहुंच गई है और वह कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं।
इसके अलावा 2026 में शेफाली के नाम महिला T20I में 35 छक्के हो गए हैं, जो एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा छक्कों का आंकड़ा है।