Nalanda news: नालंदा जिले के कल्याण बीघा थाना क्षेत्र के कोलावां गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान मनु मांझी की पत्नी कांता देवी (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में आरोपी पति मनु मांझी को हत्या में इस्तेमाल हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात पति-पत्नी के बीच बाइक खरीदने और घर बनाने को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि पति पहले बाइक खरीदने की बात कह रहा था, जबकि पत्नी की इच्छा थी कि पहले घर बनाया जाए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गई।
इसी दौरान कमरे के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन कमरे की ओर दौड़े। अंदर बच्चे रो रहे थे और कांता देवी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थीं। बताया जा रहा है कि महिला के सिर के पीछे से गोली लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
कमरे में मौजूद थे मासूम बच्चे
घटना के वक्त कमरे में मृतका के छोटे बच्चे भी मौजूद थे। परिजनों के अनुसार, दरवाजा खुलने के बाद महिला मृत अवस्था में मिली और पास में ही हथियार पड़ा था। कांता देवी अपने पीछे पांच छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं।
मृतका की सास लाछो देवी ने बताया कि घटना के समय वह छत पर थीं। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर वह नीचे आईं। उन्होंने बताया कि बच्चों ने दरवाजा खोला और पूछने पर पोती ने कहा कि मम्मी ने खुद को गोली मार ली है। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई और आरोपी पति की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच हत्या के एंगल से की जा रही है।
आरोपी पति गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही कल्याण बीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष निशा भारती ने बताया कि आरोपी पति मनु मांझी को हत्या में इस्तेमाल हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, परिजनों की ओर से अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से पूरे मामले की जांच कर रही है।