खतरे के निशान से करीब 2 मीटर ऊपर बह रही गंगा, CWC ने जारी किया 50.62 मीटर पहुंचने का अलर्ट
पटना। राजधानी में गंगा नदी के रौद्र रूप ने वर्ष 2016 का सर्वकालिक रिकॉर्ड तोड़ दिया है। एनआईटी स्थित गांधीघाट पर शनिवार सुबह 10 बजे गंगा का जलस्तर 50.53 मीटर दर्ज किया गया, जो अब तक का सबसे उच्चतम जलस्तर (HFL) है। नदी का जलस्तर 2016 के पिछले रिकॉर्ड (50.52 मीटर) को 1 सेंटीमीटर पार कर चुका है।
गंगा इस समय खतरे के निशान (48.60 मीटर) से लगभग दो मीटर ऊपर बह रही है, जिससे पटना के तटीय इलाकों और दियारा क्षेत्र में गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है।
तीन दिनों में गांधीघाट पर जलस्तर की स्थिति:
03 सितंबर: सुबह 6:00 बजे – 50.18 मीटर (वृद्धि) | शाम 6:00 बजे – 50.31 मीटर (वृद्धि)
04 सितंबर: सुबह 6:00 बजे – 50.36 मीटर (वृद्धि) | शाम 6:00 बजे – 50.38 मीटर (स्थिर)
05 सितंबर: सुबह 6:00 बजे – 50.43 मीटर (वृद्धि) | सुबह 9:00 बजे – 50.51 मीटर (वृद्धि) | सुबह 10:00 बजे – 50.53 मीटर (सर्वोच्च स्तर पार)
गांधीघाट पर जलस्तर के प्रमुख आंकड़े:
वार्निंग लेवल: 47.60 मीटर
डेंजर लेवल (खतरे का निशान): 48.60 मीटर
पुराना उच्चतम जलस्तर (HFL – 2016): 50.52 मीटर
वर्तमान स्थिति: HFL से 1 सेमी ऊपर
रविवार सुबह 50.62 मीटर पहुंचेगा जलस्तर: CWC
केंद्रीय जल आयोग (CWC) के अनुसार गंगा का जलस्तर अभी थमने वाला नहीं है। आयोग के जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार (06 सितंबर) सुबह 8:00 बजे तक गांधीघाट पर जलस्तर बढ़कर 50.62 मीटर तक पहुंचने की आशंका है। जलस्तर में लगातार हो रही इस तेज बढ़ोतरी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है और तटीय इलाकों में लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।