बिहारशरीफ। नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और कूड़ा उठाव से संबंधित शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिहारशरीफ नगर निगम द्वारा शुरू किए गए ‘तत्पर बिहारशरीफ—शिकायत से समाधान तक’ अभियान का सकारात्मक असर सामने आया है।
अभियान के तहत महज 11 दिनों में प्राप्त सभी 99 शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के अंदर निष्पादन किया गया।
नगर निगम द्वारा 27 अगस्त 2026 को ‘तत्पर बिहारशरीफ’ अभियान की शुरुआत की गई थी। इसके प्रथम चरण में कूड़ा जमाव से संबंधित शिकायत मिलने के बाद चार घंटे के अंदर कूड़े का उठाव सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 27 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक अभियान के तहत कुल 99 शिकायतें प्राप्त हुईं।
नगर निगम की टीम ने इन सभी शिकायतों का निर्धारित चार घंटे की समय सीमा के भीतर निष्पादन किया।
नगर निगम के पदाधिकारियों द्वारा शिकायत प्राप्त होने से लेकर उसके समाधान तक लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। अभियान के तहत प्रतिदिन प्राप्त शिकायतों और उनके निष्पादन से संबंधित रिपोर्ट गूगल फॉर्म के माध्यम से तैयार की जा रही है।
नगर आयुक्त ने अभियान से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया है कि ‘तत्पर बिहारशरीफ’ के तहत प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निर्धारित चार घंटे की समय सीमा के अंदर समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का भी निर्देश दिया गया है।
नगर निगम ने बिहारशरीफ के सभी नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं कूड़े का जमाव है तो इसकी शिकायत ‘तत्पर बिहारशरीफ’ अभियान के तहत व्हाट्सऐप, ट्विटर और इंस्टाग्राम के माध्यम से नगर निगम तक पहुंचाएं।
प्राप्त शिकायतों पर नगर निगम की टीम द्वारा निर्धारित समय सीमा के अनुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी।