अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बिहारशरीफ टाउन हॉल में संवाद सह सम्मान समारोह आयोजित
Nalanda News। अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर 10 अक्टूबर को बिहारशरीफ स्थित टाउन हॉल में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत संवाद सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सशक्त बनाना था। कार्यक्रम का शुभारंभ वरीय पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। नोडल पदाधिकारी अर्चना कुमारी ने अतिथियों और छात्राओं का स्वागत किया।
कार्यक्रम में बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और माहवारी स्वच्छता जैसे विषयों पर जागरूक किया गया। रीजनल कोऑर्डिनेटर नेहा कुमारी ने बालिकाओं से उच्च शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने की अपील की।
छात्राओं को आपातकालीन सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस सहायता 112 और महिला हेल्पलाइन 181 की जानकारी दी गई।

केंद्र प्रशासक पुष्पा पांडे, डॉ. सीमा कुमारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. अजय, साइबर थाना अध्यक्ष कुंती कुमारी, महिला थाना अध्यक्ष पूनम कुमारी, अधिवक्ता नीतू कुमारी और सुपर्णा टाट ने विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
समारोह में खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चुनचुन कुमारी, कोमल कुमारी, नेहा कुमारी, मुस्कान कुमारी, संध्या रानी, प्रियांशु कुमारी, अमीषा कुमारी, आभा कुमारी, आशा कुमारी, आरुषि, सिमरन कुमारी और सुहानी कुमारी को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो और पुस्तकें देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, बाल विवाह के खिलाफ साहसिक पहल करने के लिए बीभा कुमारी और किरण कुमारी को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में वरीय उप समाहर्ता श्वेता कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और एसएस बालिका उच्च विद्यालय एवं सोगरा उच्च विद्यालय की सैकड़ों छात्राएं उपस्थित रहीं।

