बिहारशरीफ: नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के गांधी टोला में बंद पड़े एक घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद पीड़ित गृहस्वामी गौतम कुमार ने हरनौत थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रक्षाबंधन पर घर में ताला लगाकर गए थे
पीड़ित गौतम कुमार ने बताया कि 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन वह घर में ताला लगाकर परिवार के यहां राखी बांधने गए थे। घर बंद था और परिवार के सभी लोग बाहर थे। सोमवार की सुबह जब वह वापस अपने घर पहुंचे तो छत के ऊपर सीढ़ी के पास का करकट हटा हुआ मिला।
घर के अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने घर की जांच की तो चोरी की घटना का पता चला।
गोदरेज का ताला तोड़कर जेवरात की चोरी
जांच के दौरान पता चला कि चोरों ने गोदरेज का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी हुए सामान में सोने की कान की बाली, मंगटीका, मंगलसूत्र और ढोलना शामिल हैं। इसके अलावा चोरों ने चांदी की पायल भी अपने साथ ले गए।

चोरों ने घर में रखे सामान को भी खंगाला और पेटी में रखे तांबा एवं पीतल के बर्तन भी चोरी कर लिए।
20 हजार रुपये नकद भी ले गए चोर
पीड़ित के मुताबिक, घर में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद भी चोरी हो गए। जेवरात, बर्तन और नकदी समेत चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई जा रही है।
घर लौटने के बाद चोरी का पता चलने पर पीड़ित ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी और हरनौत थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद हरनौत थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान करने के साथ-साथ चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

