Nalanda news: नालंदा कॉलेज, जो पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय का अंगीभूत घटक है, में अनुशासन, राष्ट्रसेवा और युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से एनसीसी यूनिट NCC 4/38 Coy का औपचारिक उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।
कॉलेज की प्राचार्य प्रो. सुनीता सिन्हा एवं कर्नल राजेश ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एनसीसी यूनिट का उद्घाटन किया।
समारोह के दौरान डॉ. सर्वदमन कश्यप को NCC 4/38 Coy का केयरटेकर नियुक्त किया गया। उन्होंने पदभार ग्रहण करते हुए कहा कि वे इस नई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे और कॉलेज के कैडेट्स को बेहतर प्रशिक्षण दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
प्राचार्य प्रो. सुनीता सिन्हा ने विद्यार्थियों के जीवन में एनसीसी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एनसीसी अनुशासन, शारीरिक विकास और चरित्र निर्माण का सशक्त माध्यम है।
इसके माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
कर्नल राजेश ने विद्यार्थियों को एनसीसी की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण के विभिन्न चरणों तथा कैडेट्स के लिए उपलब्ध अवसरों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनसीसी युवाओं को अनुशासन एवं नेतृत्व का प्रशिक्षण देने के साथ देश की सेवा और रक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
नई एनसीसी यूनिट की शुरुआत से नालंदा कॉलेज के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण एवं विभिन्न एनसीसी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थियों में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में एनसीसी के अन्य अधिकारी, बटालियन के प्रतिनिधि, नालंदा कॉलेज के वरिष्ठ शिक्षक, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं कैडेट्स उपस्थित रहे। एनसीसी यूनिट के शुभारंभ को लेकर कॉलेज परिसर में उत्साह का माहौल रहा।