वन विभाग के कर्मी श्रवण कुमार तबादले के बाद खगड़िया कर गए शिफ्ट; आसपास लगे सीसीटीवी खंगालने में जुटी है पूरबसराय थाने की पुलिस
संवाद सहयोगी, मुंगेर : पूरबसराय थाना क्षेत्र में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। दिलावरपुर काली स्थान के पीछे गुपचुप गली में चोरों ने वन विभाग के कर्मी श्रवण कुमार के बंद घर का ताला तोड़कर जेवरात, नकदी और इलेक्ट्रानिक सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान की कीमत करीब 10 लाख बताई जा रही है। वारदात की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरी के बाद चोर मुख्य गेट पर अपना दूसरा ताला लगाकर आराम से फरार हो गए।
श्रवण कुमार करीब एक साल पहले तबादला होने के बाद परिवार के साथ खगड़िया में रह रहे हैं। मुंगेर स्थित उनका मकान लंबे समय से बंद था। शनिवार सुबह जब वह घर पहुंचे तो मुख्य गेट पर अपना ताला गायब देख दंग रह गए। उसकी जगह दूसरा ताला लगा था। केयरटेकर से पूछताछ में जब उसने ताला लगाने से इन्कार किया तो चोरी की आशंका हुई।
ताला तोड़कर अंदर जाने पर कमरों का सामान बिखरा मिला। अालमीरा का लाकर टूटा था और बाक्स पलंग भी खुला पड़ा था। जांच में सोने की चेन, कान की बाली, अंगूठी, नथ सहित चांदी के जेवरात, करीब 40 हजार रुपये नकद, एलसीडी और होम थिएटर गायब मिले। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत 10 लाख के आसपास है।
घटना की सूचना मिलते ही पूरबसराय थाने की पुलिस पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी में जुटी है।
बंद मकान में इतनी बड़ी चोरी और वारदात के बाद चोरों का अपना ताला लगा जाना इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। थानाध्यक्ष सौरभ कुमार ने बताया चोरी की घटना हुई है मामले की जांच की जा रही है।