मुंगेर: बिहार में बालिका खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मंच देने की दिशा में एक नई पहल की गई है। भारत सरकार के अस्मिता खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत मुंगेर में राज्य की पहली बालिका साइकलिंग लीग शुरू हुई। हवाई अड्डा मैदान में आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में बिहार के 20 से अधिक जिलों की बालिका साइकिलिस्ट हिस्सा ले रही हैं।
साइकलिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार और साइकलिंग एसोसिएशन ऑफ मुंगेर के संयुक्त आयोजन में खिलाड़ी अपनी रफ्तार, कौशल और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। उद्घाटन के दौरान अतिथियों ने दीप प्रज्वलित किया और गुब्बारे उड़ाकर आयोजन का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में डॉ. कौशल किशोर, डॉ. देवराज सुमन, डॉ. उदय शंकर, भवेश चंद्र पांडे, डॉ. अखिलेश कुमार, रंजन शर्मा और अभय नाथ पाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुंगेर से शुरू हुई राज्य स्तरीय पहल
साइकलिंग एसोसिएशन ऑफ मुंगेर के सचिव डॉ. उदय शंकर ने कहा कि बिहार में पहली बार राज्य स्तरीय बालिका साइकलिंग लीग आयोजित की जा रही है। इसकी मेजबानी मुंगेर को मिलना जिले के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे शहरों की बालिकाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें खेल के बड़े मंचों तक पहुंचने की प्रेरणा मिल सकती है।
वहीं, डॉ. कौशल किशोर ने कहा कि ऐसे आयोजन बालिकाओं में आत्मविश्वास और उत्साह बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी क्षमता पहचानने का मौका देते हैं। खेल प्रतियोगिताएं उन्हें आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।
20 से ज्यादा जिलों की बालिकाएं ले रही हैं हिस्सा
इस प्रतियोगिता में मुंगेर के अलावा मोतिहारी, बेगूसराय, भागलपुर, नालंदा, शेखपुरा, पटना, गया, नवादा, भोजपुर, सारण, वैशाली, लखीसराय, जमुई, कटिहार, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, पूर्णिया, मधेपुरा और रोहतास सहित विभिन्न जिलों की खिलाड़ी शामिल हुई हैं।
दो दिवसीय प्रतियोगिता का फाइनल राउंड और पुरस्कार वितरण समारोह 27 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन के जरिए बालिका खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और साइकलिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।