संवाद सहयोगी, जमुई। बिहार सरकार की पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद शुक्रवार को जमुई पहुंचीं। इस दौरान पत्रकारों ने उनसे जिले के चर्चित मड़वा पहाड़ छेड़खानी प्रकरण को लेकर सवाल किए। पत्रकारों ने मामले में पुलिस कार्रवाई, आरोपितों की गिरफ्तारी और सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों को लेकर मंत्री से उनका पक्ष जानना चाहा, लेकिन उन्होंने इस पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी और आगे निकल गईं।
मड़वा पहाड़ प्रकरण पर नहीं दिया जवाब
पत्रकारों ने मंत्री से मड़वा पहाड़ की घटना के बाद हुई पुलिस कार्रवाई और मामले में अब तक की प्रगति को लेकर सवाल किया। साथ ही महिला सुरक्षा को लेकर सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों पर भी प्रतिक्रिया मांगी गई। सवाल पूछे जाने के दौरान मंत्री ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
मड़वा पहाड़ मामले को लेकर जमुई में पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। विपक्षी दलों ने मामले को लेकर प्रदर्शन करते हुए पुलिस कार्रवाई और महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम
मंत्री रमा निषाद ने इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक कार्यकाल के उपलक्ष्य में बिहार के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए कुल 13 थीम निर्धारित की गई हैं। इनमें प्रमुख थीम ‘आंगन का मिलनोत्सव’ है। इसका उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में आम लोगों को जानकारी देना है।
प्रशासनिक पदाधिकारियों और एनडीए नेताओं के साथ बैठक
मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक पदाधिकारियों और एनडीए के पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई है। बैठक में आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों को लेकर चर्चा की गई तथा संबंधित लोगों को कार्यक्रम के सफल आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। ‘आंगन का मिलनोत्सव’ के जरिए इन योजनाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों के बारे में लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।