- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के पंडितपुर का पुरवा गांव निवासी बंदी
- हाथ-पैर में कंपन की शिकायत पर कराया गया था भर्ती
- अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज की पुलिस कर रही है पड़ताल
संवाददाता, छपरा : छपरा सदर अस्पताल में सोमवार की सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए भर्ती चोरी का आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
फरार आरोपित की पहचान उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के अमेठी थाना क्षेत्र स्थित पंडितपुर का पुरवा गांव निवासी राकेश पांडे के पुत्र आदेश कुमार पांडे के रूप में हुई है।
चोरी के मामले में किया गया था गिरफ्तार
आदर्श कुमार पांडे को चोरी के एक मामले में पिछले दिनों हरिहरनाथ थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की गई थी।
इसी दौरान शरीर और हाथ में कंपन की शिकायत के बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इलाज के दौरान पुलिस अभिरक्षा में था आरोपित
सदर अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद उसकी निगरानी के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सोमवार की सुबह तक वह पुलिस अभिरक्षा में ही अस्पताल में इलाज करा रहा था। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों को चकमा देने की योजना बनाई।
यूरिनल जाने का बनाया बहाना
बताया जाता है कि सोमवार की सुबह आदर्श कुमार पांडे ने यूरिनल जाने की बात कही। पुलिसकर्मियों की नजर से बचकर वह अस्पताल परिसर से बाहर निकल गया और देखते ही देखते फरार हो गया।
कुछ देर बाद उसके नहीं लौटने पर पुलिसकर्मियों को उसके फरार होने की जानकारी हुई।
तलाश में जुटी पुलिस, जांच शुरू
आरोपित के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जेल अधीक्षक अमरजीत कुमार अस्पताल पहुंचकर इसकी जांच की। अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की गई।
पुलिस अभिरक्षा से आरोपित के फरार होने की घटना की जांच की जा रही है। सदर अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल की जा रही है।