कल्याणपुर ढाला के पास दो वाहनों की टक्कर से मची अफरातफरी, पुलिस ने घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया
हाजीपुर: बिदुपुर कच्ची दरगाह सिक्स लेन पर कल्याणपुर ढाला के पास दो वाहनों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं राहगीर मौके पर जुट गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे में शामिल लोगों को आनन-फानन में सदर अस्पताल, हाजीपुर भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब मृतकों की पहचान कराने के साथ उनके स्वजन को सूचना देने और आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।
दो वाहनों की टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन के कल्याणपुर ढाला के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लग्जरी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बिदुपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की।
एक घायल की पहचान हुई
हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान बिदुपुर थाना क्षेत्र के मायाराम निवासी रणजीत राय के 32 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार के रूप में हुई है। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसका उपचार सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।
वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों की पहचान की प्रक्रिया पुलिस की ओर से जारी है। पुलिस उनके परिजनों से संपर्क करने में जुटी है।
पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलने के बाद बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की स्थिति का जायजा लिया और सड़क से क्षतिग्रस्त कार को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि सड़क हादसे में लग्जरी कार सवार दो व्यक्तियों की मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। सूचना मिलने के बाद सभी को सदर अस्पताल भेजा गया था, जहां डॉक्टर ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों के स्वजन को सूचना दी जा रही है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
गौरतलब है कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन परियोजना पटना और उत्तर बिहार के बीच संपर्क को बेहतर बनाने वाली महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में शामिल है। परियोजना में गंगा नदी पर करीब 9.76 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और संपर्क मार्ग शामिल है।