बांका: जिले के कटोरिया क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने एक बड़ी खेप पकड़ी है। सुइया थाना क्षेत्र के सतलेतवा चौक के पास वाहन जांच के दौरान एक तेल टैंकर से करीब 637 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से वाहन चालक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम गुरुवार को सतलेतवा चौक के आसपास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान महिंद्रा बोलेरो पिकअप तेल टैंकर को जांच के लिए रोका गया। वाहन में मौजूद लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर अधिकारियों ने टैंकर की गहन तलाशी शुरू की।
तलाशी के दौरान टैंकर के अंदर छिपाकर रखे गए शराब के कार्टून मिले। जब टीम ने कार्टूनों की गिनती और शराब की मात्रा की जांच की तो कुल 72 कार्टून में 637.200 लीटर शराब बरामद हुई। इसके बाद उत्पाद विभाग ने शराब के साथ इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को भी जब्त कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान खगड़िया जिले के चित्रगुप्तनगर थाना क्षेत्र के लोहियानगर निवासी धर्मवीर कुमार और रिश्रीदेव कुमार के रूप में हुई है। धर्मवीर कुमार वाहन चालक, जबकि रिश्रीदेव कुमार उपचालक बताया गया है।
उत्पाद विभाग के मुताबिक, शराब की यह खेप झारखंड से खगड़िया ले जाई जा रही थी। टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि खगड़िया में शराब की डिलीवरी किस व्यक्ति को दी जानी थी। साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
मामले में उत्पाद विभाग की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।