जमुई: नगर परिषद क्षेत्र के नीमारंग इलाके में शुक्रवार की सुबह खेत की सिंचाई करने गए एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में किसान को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक किसान की पहचान 55 वर्षीय रंगीला साव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रंगीला साव खेत में पटवन के लिए मोटर चालू करने पहुंचे थे। इसी दौरान मोटर से जुड़े बिजली के तार में कटे होने की वजह से करंट का प्रवाह होने लगा।
मोटर चालू करने के दौरान किसान अचानक बिजली की चपेट में आ गए और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसान को बिजली के संपर्क से अलग करने के बाद परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उन्हें तत्काल जमुई सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद किसान को मृत घोषित कर दिया।
किसान की मौत की खबर मिलते ही सदर अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि परिवार की ओर से शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया गया। इसके बाद परिजन शव को अपने साथ घर ले गए। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली के खुले और क्षतिग्रस्त तारों को लेकर भी चिंता देखने को मिली।