Nalanda News। पुलिस अधीक्षक नालंदा के निर्देश पर जिले में अवैध आग्नेयास्त्रों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में नूरसराय थाना पुलिस ने बखरी गांव में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो लोगों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से कुल तीन देसी कट्टा और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पहली कार्रवाई करते हुए बखरी गांव निवासी रामप्रवेश यादव (55 वर्ष), पिता लच्छू यादव के घर पर छापेमारी की गई।
तलाशी के दौरान उसके घर से दो अवैध देसी कट्टा और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने रामप्रवेश यादव को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने बिंदु राम (45 वर्ष), पिता नाथू राम, निवासी बखरी को उसके घर से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, बिंदु राम का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
दोनों मामलों में नूरसराय थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामद हथियारों और कारतूस के स्रोत तथा इनके इस्तेमाल से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।