औरंगाबाद: नगर थाना क्षेत्र के जीटी बाइपास ओवरब्रिज के पास गुरुवार भोर करीब ढाई बजे यात्री बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा महिंद्रा शोरूम के सामने हुआ। दुर्घटना में बस में सवार करीब 20 यात्री घायल हो गए, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
ओवरब्रिज पर टर्न लेते समय हुआ हादसा
नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा के अनुसार, हंसराज नामक बस वाराणसी से झारखंड के पाटन (डालटेनगंज) जा रही थी। जीटी बाइपास ओवरब्रिज से डालटेनगंज की ओर जाने के लिए बस सर्विस रोड पर उतर रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तेज आवाज के साथ जीटी रोड का लोहे का डिवाइडर भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रक के अगले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है।
बस में फंसे यात्रियों को ग्रामीणों ने बाहर निकाला
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों की नींद खुल गई। बस से यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद घायलों के स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए।
कई यात्री घायल, तीन को किया गया रेफर
हादसे में घायल यात्रियों में सदर प्रखंड के बधोई गांव निवासी महाराणा सिंह, उनकी पत्नी बालमती देवी, सूरज कुमार सिंह, बबलू कुमार सिंह, मदनपुर के गुलाबबिगहा निवासी राजेश यादव, गयाजी के पथरा निवासी सुनील कुमार, नरेश यादव की पत्नी नागेश्वरी देवी, औरंगाबाद के हरिनारायण, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पवई भैरोपुर निवासी विजय तिवारी, कृष्णा सोनी, अंबा के धीरज कुमार, गया के डुमरिया निवासी मुर्तजा अंसारी, अरवल के बेलखारा निवासी सत्या कुमार सिंह, भभुआ के बारे गांव निवासी अर्जुन पांडेय और बबलू पांडेय समेत अन्य यात्री शामिल हैं।
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
बस के मालिक को दी गई घटना की सूचना
नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि बस पर लिखे विवरण के अनुसार वह बीएचयू वाराणसी की बस है। बस पर अंकित नंबर के आधार पर उसके मालिक को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।