सभी पूजा पंडालों के लिए लाइसेंस एवं सीसीटीवी अनिवार्य, विसर्जन स्थलों पर गोताखोरों की होगी तैनाती
Nalanda। दुर्गापूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री हृदयकांत की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विधि-व्यवस्था, पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, सोशल मीडिया की निगरानी एवं मूर्ति विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सभी पूजा पंडालों के लिए लाइसेंस एवं सीसीटीवी अनिवार्य
बैठक में निर्देश दिया गया कि जिले के सभी छोटे-बड़े पूजा पंडालों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पूजा समितियों को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करने तथा मूर्ति विसर्जन के मार्ग एवं समय का पूर्व निर्धारण कर प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया। प्रवेश एवं निकास द्वारों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था तथा स्वयंसेवकों की पहचान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा नियमित फ्लैग मार्च निकालने का निर्देश दिया गया। अ
सामाजिक गतिविधियों एवं सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक तथा आपत्तिजनक सूचनाओं पर नजर रखने और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाने एवं यातायात व्यवस्था सुचारु रखने का भी निर्देश दिया गया।
डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, अग्निशमन की व्यवस्था अनिवार्य
बैठक में स्पष्ट किया गया कि दुर्गापूजा के दौरान डीजे का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पूजा पंडालों में अग्निशमन की समुचित व्यवस्था, सुरक्षित प्रवेश एवं निकास मार्ग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना होगा। प्रसाद वितरण के दौरान भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विसर्जन स्थलों पर रोशनी, बैरिकेडिंग एवं गोताखोरों की तैनाती
मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। सभी निर्धारित विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग एवं प्रशिक्षित गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। भीड़ एवं यातायात प्रबंधन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

शांति समिति के सदस्यों ने दिए सुझाव
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई, सुचारु यातायात, पेयजल, शौचालय, पर्याप्त रोशनी एवं खुले विद्युत तारों से सुरक्षा सुनिश्चित करने से संबंधित सुझाव दिए। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रात्रि में ठहरने की व्यवस्था तथा प्रमुख स्थलों पर स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग भी उठाई गई।
इसके अलावा उचक्कों, मनचलों एवं नशे की हालत में उत्पात करने वाले व्यक्तियों पर निगरानी रखने, अफवाहों से बचने, ई-रिक्शा के कारण लगने वाले जाम का समाधान करने, सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रशासन ने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त सुझावों के आलोक में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की शांति बनाए रखने की अपील
जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने कहा कि दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पदाधिकारी, पूजा समितियां, शांति समिति के सदस्य एवं आम नागरिक आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करें।
उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को देने की अपील की।

वहीं, पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने कहा कि पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद रहेगा। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती, फ्लैग मार्च, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने पूजा समितियों से सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा आम नागरिकों से शांति, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।
बैठक में नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, बिहारशरीफ, जिला शांति समिति के सदस्यगण एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
