Nalanda। रहुई थाना क्षेत्र के बिहटा-सरमेरा मुख्य मार्ग पर सलमाबाद मोड़ के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से 64 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान हरिपुर गांव निवासी आनंदी पासवान की पत्नी सुंदरी देवी के रूप में की गई है।
हादसा शुक्रवार की शाम उस समय हुआ, जब वह जन वितरण प्रणाली की दुकान से बायोमेट्रिक सत्यापन कर घर लौट रही थीं। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार की सुबह करीब 6:30 बजे बिहटा-सरमेरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने के साथ सलमाबाद मोड़ के समीप स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना था कि सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसों की आशंका बनी रहती है। ऐसे में दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए स्पीड ब्रेकर बनाया जाना जरूरी है।
सूचना मिलने पर रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल हो सका।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है।
