Nalanda News: शॉर्ट सर्किट से लगी आग में 50-50 लाख रुपये की दो CNC लेजर कटिंग मशीनें जलकर खाक, पांच दमकल गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
बिहारशरीफ: नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह शॉर्ट सर्किट से स्टील लेजर कटिंग मशीन के गोदाम में भीषण आग लग गई। देवीसराय मोड़ के समीप स्थित गोदाम में आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर रखी करीब 50 लाख रुपये मूल्य की दो CNC लेजर कटिंग मशीनें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। इसके अलावा गोदाम में रखा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गया।
गोदाम संचालक के अनुसार, इस अगलगी में दो करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक राशि का अभी आधिकारिक आकलन नहीं किया गया है।
धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने दी सूचना
घटना विनायक लेजर कटिंग के गोदाम में हुई। संचालक गौरी विश्वकर्मा के पुत्र सौबेंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने गोदाम से धुआं निकलते देखा और इसकी सूचना उन्हें दी।

सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। उस समय गोदाम के अंदर आग की तेज लपटें उठ रही थीं। आग की भयावह स्थिति को देखते हुए अंदर जाना संभव नहीं था। इसके बाद तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।
पांच दमकल गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के इलाके में भी अफरातफरी मच गई। हालांकि, दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया, जिससे आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों तक आग फैलने से बच गई।
मशीनों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों समेत काफी सामान जला
गोदाम में लेजर कटिंग से संबंधित मशीनों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, कंप्यूटर CPU, UPS समेत अन्य सामान रखा हुआ था। आग की चपेट में आने से दो CNC लेजर कटिंग मशीनों के साथ बड़ी मात्रा में अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गया।

संचालक की ओर से शुरुआती तौर पर दो करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की बात कही जा रही है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक राशि कितनी है, इसका आकलन अभी नहीं किया गया है।
पुलिस को आवेदन मिलने के बाद होगा नुकसान का आकलन
दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि अगलगी की घटना को लेकर संचालक की ओर से अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद ही आग से हुए नुकसान का सटीक आकलन किया जा सकेगा।
फिलहाल आग लगने की प्रारंभिक वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना के कारणों और नुकसान से जुड़ी विस्तृत जानकारी आवेदन और जांच के बाद सामने आएगी।
