Nalanda News। नालंदा में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करायपरसुराय थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1.5 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 7 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि दयानंद पांडेय उर्फ गोकरण पांडेय, उम्र करीब 55 वर्ष, अपने बर्तन के गोदाम में गांजा छिपाकर रखता है और चोरी-छिपे उसकी खरीद-बिक्री करता है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम गठित कर गोदाम में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान गोदाम से प्लास्टिक में छोटी-छोटी 17 पुड़िया में बांधकर रखा गांजा जैसा पदार्थ बरामद हुआ। इसके अलावा स्टील के केन में प्लास्टिक के अंदर रखा गांजा जैसा पदार्थ भी मिला। पुलिस के मुताबिक बरामद पदार्थ का कुल वजन करीब 1.5 किलो है।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान दयानंद पांडेय उर्फ गोकरण पांडेय, पिता स्वर्गीय बाल्मीकि पांडेय, निवासी करायपरसुराय थाना क्षेत्र, नालंदा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
छापेमारी टीम में करायपरसुराय थानाध्यक्ष पुअनि सुशील कुमार पासवान, पुअनि राजेश कुमार यादव, सिपाही राजा कुमार, नीरज साहनी, महिला सिपाही विनिता कुमारी एवं पूजा कुमारी शामिल थीं।