पटना: बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को तकनीक आधारित, आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल पर जोर दे रही है। इसी उद्देश्य से पटना के होटल ताज सिटी सेंटर में गेट्स फाउंडेशन के सहयोग से बिहार सरकार की ओर से ‘AI for a Healthier Bihar: From Innovation to Impact’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने स्वास्थ्य सेवाओं के विभिन्न क्षेत्रों को AI से जोड़ने की कार्ययोजना और सरकार की प्राथमिकताओं पर बात रखी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल अस्पतालों का निर्माण करना नहीं, बल्कि वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ना भी है। दवाओं की उपलब्धता और आपूर्ति, जांच उपकरणों, डॉक्टरों की उपलब्धता, टेलीमेडिसिन, अस्पतालों में बेड प्रबंधन और एम्बुलेंस सेवाओं में AI के इस्तेमाल की संभावनाओं पर काम किया जाएगा। इससे खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब मरीजों को समय पर जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।
ग्रामीण मरीजों को भी शहरी क्षेत्रों जैसी स्वास्थ्य सुविधा देने पर जोर
अपने संबोधन में मंत्री निशांत ने कहा कि AI स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने, डॉक्टरों की कमी से निपटने, ग्रामीण क्षेत्रों तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की पहुंच सुनिश्चित करने और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की निगरानी बेहतर बनाने में उपयोगी हो सकता है। सरकार की कोशिश है कि ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले गरीब व्यक्ति को भी शहरी क्षेत्रों जैसी स्वास्थ्य सुविधा मिले। इसके लिए समय पर जांच, बीमारी की शुरुआती पहचान, सटीक निदान और शीघ्र उपचार जरूरी है।
उन्होंने दवाओं की मांग, आपूर्ति, स्टॉक और भविष्य की जरूरतों का पूर्वानुमान लगाने वाली व्यवस्था को AI से जोड़ने की बात कही। दवाओं की प्रामाणिकता और सप्लाई चेन की निगरानी के लिए बारकोड, QR कोड, बैच नंबर और क्लिनिकल डेटा का उपयोग किया जा सकता है। इससे दवाओं की उपलब्धता पर नजर रखने और संदिग्ध आपूर्ति या अनियमितताओं की पहचान में मदद मिल सकती है।

एक्स-रे, CT स्कैन और MRI रिपोर्ट के विश्लेषण में AI का इस्तेमाल
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि CT स्कैन, MRI और अल्ट्रासाउंड जैसी जांच सुविधाओं के साथ एक्स-रे रिपोर्ट के विश्लेषण में भी AI की मदद ली जा सकती है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में मरीज का एक्स-रे होने पर AI तकनीक से बीमारी के संभावित संकेतों की शुरुआती पहचान में सहायता मिल सकती है। इससे टीबी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के शुरुआती लक्षण पहचानने और समय पर आगे की जांच व उपचार शुरू करने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने मेडिकल कॉलेज अस्पतालों और जिला अस्पतालों में उपलब्ध जांच उपकरणों का ऑडिट कराने की जरूरत पर भी जोर दिया, ताकि उपलब्ध उपकरणों और उनके उपयोग की स्थिति का आकलन किया जा सके।




टेलीमेडिसिन से गांवों तक पहुंचेंगे विशेषज्ञ डॉक्टर
मंत्री निशांत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़े शहरों में जाकर विशेषज्ञ डॉक्टरों से इलाज कराना भी कठिन होता है। ऐसी स्थिति में AI को टेलीमेडिसिन से जोड़कर ग्रामीण मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श दिलाया जा सकता है। इससे मरीजों को अनावश्यक यात्रा और खर्च से राहत मिल सकती है और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से चिकित्सीय सलाह उपलब्ध हो सकती है।
अस्पतालों में बेड की उपलब्धता की जानकारी ऑनलाइन करने की तैयारी
स्वास्थ्य मंत्री ने सामान्य वार्ड, ICU, हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) और क्रिटिकल केयर यूनिट में उपलब्ध बेड की वास्तविक स्थिति को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले IGIMS के निदेशक से इस विषय पर बातचीत हुई थी। उनसे ऐसी तकनीकी व्यवस्था विकसित करने को कहा गया है, जिससे अस्पताल में उपलब्ध और खाली बेड की जानकारी रियल टाइम में मिल सके। यह जानकारी अस्पताल के डिस्प्ले के साथ इंटरनेट पर भी उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है, ताकि लोग मोबाइल से बेड की स्थिति देख सकें।

मंत्री ने कहा कि कई बार किसी जिले से गंभीर मरीज को पटना के PMCH रेफर किया जाता है, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर बेड या संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने की स्थिति सामने आती है। यदि रेफरल से पहले ही अस्पतालों में बेड, ICU और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता की जानकारी मिल जाए, तो मरीज को उपयुक्त अस्पताल भेजना आसान होगा। इससे समय बचाने और गंभीर मरीजों को समय पर उपचार दिलाने में मदद मिल सकती है।
दो से चार स्मार्ट एम्बुलेंस के साथ पायलट प्रोजेक्ट की तैयारी
स्वास्थ्य मंत्री ने एम्बुलेंस सेवाओं को AI और आधुनिक तकनीक से जोड़ने की योजना भी साझा की। प्रस्तावित स्मार्ट एम्बुलेंस में डिजिटल ECG मशीन, पल्स, ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन मॉनिटरिंग की सुविधा होगी। इसके साथ GPS आधारित लाइव लोकेशन, अस्पतालों से डिजिटल संपर्क, AI आधारित मरीज की स्थिति का विश्लेषण और विशेषज्ञ चिकित्सकों से वीडियो परामर्श की व्यवस्था विकसित करने की योजना है। एम्बुलेंस से मरीज की डिजिटल मेडिकल रिपोर्ट संबंधित अस्पताल भेजने की भी परिकल्पना है, ताकि मरीज के पहुंचने से पहले उपचार की तैयारी की जा सके।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में IGIMS के निदेशक और तकनीकी विशेषज्ञों से बातचीत हुई है। शुरुआती चरण में दो से चार स्मार्ट एम्बुलेंस के साथ पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की योजना है। इसका उद्देश्य दुर्घटना या अन्य मेडिकल इमरजेंसी में एम्बुलेंस को जल्द मरीज तक पहुंचाना और रास्ते में ही जरूरी प्राथमिक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराना है।
AI से पता चलेगा किस अस्पताल में ट्रॉमा बेड और विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध
मंत्री ने स्मार्ट एम्बुलेंस को ट्रॉमा सेंटर और सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों से जोड़ने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर 102, 104, 112 या 1033 जैसी हेल्पलाइन के माध्यम से एम्बुलेंस पहुंचती है। इसके बाद पैरामेडिकल स्टाफ मरीज का ब्लड प्रेशर, ऑक्सीजन सैचुरेशन और पल्स जैसे महत्वपूर्ण वाइटल्स की जांच करता है।

यदि इन जानकारियों को AI सिस्टम से जोड़ा जाए, तो मरीज की स्थिति और संभावित जोखिम का शुरुआती आकलन किया जा सकता है। इसके आधार पर आसपास के अस्पतालों में ट्रॉमा बेड, ICU, CT स्कैन और MRI जैसी जांच सुविधाओं तथा संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता की जानकारी जुटाई जा सकती है। इससे एम्बुलेंस में ही मरीज के लिए उपयुक्त अस्पताल चुनने और अस्पताल के इमरजेंसी डॉक्टरों को पहले से सूचना देने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि AI का इस्तेमाल केवल तकनीक तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक, सुलभ, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया।
कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग और गेट्स फाउंडेशन के प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस कार्यशाला में राज्य के स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, गेट्स फाउंडेशन के भारत कार्यालय की निदेशक अर्चना व्यास, फाउंडेशन के अन्य प्रतिनिधि, देश-विदेश से आए नवाचार एवं तकनीक के विशेषज्ञ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, डॉक्टर, नर्स, टेक्नीशियन, ANM और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
