Nalanda News। अस्थावां थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव से ट्रक सहित चोरी किए गए 300 बोरी यूनिक प्लस सीमेंट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 200 बोरी सीमेंट, एक ट्रैक्टर और दो स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को शेरपुर गांव से 300 बोरी सीमेंट लदा ट्रक चोरी होने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल जांच शुरू की गई। पुलिस ने 10 सितंबर को चोरी हुआ ट्रक बरामद कर लिया था।
जांच के दौरान 3 अक्टूबर को मामले के मुख्य आरोपी गुड्डु पासवान (33 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सीमेंट में से 50 बोरी तथा सीमेंट छिपाने में इस्तेमाल किया गया महिंद्रा 275 डीआई ट्रैक्टर बरामद किया गया।
वहीं, 150 बोरी सीमेंट कुंदन कुमार के ठिकाने से बरामद की गई। मामले में कमलजीत कुमार (19 वर्ष) और कुंदन कुमार (32 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया है। बरामद ट्रैक्टर का रजिस्ट्रेशन नंबर BR21GC-2753 है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष सत्यम कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार साह, मो. रूस्तम खां सहित पुलिसकर्मी मुरारी कुमार दास, विकास कुमार और जयप्रकाश कुमार शामिल रहे।