Nalanda News: बिहार थाना क्षेत्र के छज्जू मोहल्ला स्थित दमड़ी तालाब इलाके में घर के बाहर खेल रही 18 माह की मासूम बच्ची की नाले में गिरने से मौत हो गई। बच्ची का शव घटना के करीब 24 घंटे बाद घटनास्थल से लगभग 100 फीट दूर तालाब से बरामद किया गया। मृतका की पहचान मोहम्मद साजिद की 18 माह की बेटी मरियम के रूप में हुई है।
मृतका के मामा मोहम्मद अजरुद्दीन ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 9:30 बजे मरियम घर के मुख्य दरवाजे के पास बैठकर खा-पी रही थी और खेल रही थी। उसकी मां घरेलू काम से करीब दो मिनट के लिए घर के अंदर गई। वापस लौटने पर बच्ची वहां नहीं मिली।
करीब सवा घंटे तक आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश
परिजनों ने बच्ची की तलाश आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के घरों में शुरू की। करीब 9:30 से 10:45 बजे तक खोजबीन के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। घर के समीप खुले नाले में भी तलाश की गई, लेकिन पानी के बहाव के कारण उस समय बच्ची के नाले में गिरने की आशंका सामने नहीं आई।
हर संभावित स्थान पर तलाश के बाद परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए बिहार थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने रात करीब 10:30 बजे बच्ची के लापता होने की प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
अगली सुबह तालाब से मिला शव
अगले दिन सुबह करीब 8 बजे बच्ची का शव नाले के बहाव के रास्ते पास के तालाब में मिला। शव मिलने की सूचना पर बिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तालाब से बाहर निकाला।
बिहार थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि तालाब में बच्ची का शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद शव को सदर अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के संबंध में पहले ही बच्ची के लापता होने की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। परिजनों की ओर से प्राप्त होने वाले नए आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।