Nalanda News: मानपुर थाना क्षेत्र के गोंगरीपर गांव में एक घर से नकदी, जेवरात और पीतल के बर्तन समेत लाखों रुपये की संपत्ति चोरी का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर एक युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
पीड़ित अजीत यादव ने मानपुर थाने में दिए आवेदन में बताया कि 21 सितंबर की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। 22 सितंबर की सुबह करीब तीन बजे उनकी भाभी की नींद खुली तो मोबाइल गायब मिला। इसके बाद घर में खोजबीन की गई तो बगल के कमरे में रखे बक्से का कब्जा टूटा हुआ मिला।
पीड़ित के अनुसार, बक्से से करीब 1.90 लाख रुपये नकद, सोने का ढोलना, बजरंगबली का सोने का लॉकेट और छह पीस पीतल की थाली गायब थी।
संदेह के आधार पर युवक को पकड़ा
ग्रामीणों के अनुसार, घटना की रात करीब 10 बजे तेतरावां गांव निवासी जीतू कुमार को अन्य युवकों के साथ पीड़ित के घर के आसपास देखा गया था। इसके बाद पीड़ित और कुछ ग्रामीण पूछताछ के लिए तेतरावां पहुंचे। ग्रामीणों का दावा है कि पूछताछ के दौरान युवक ने चोरी में शामिल होने की बात स्वीकार की, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ ग्रामीण युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। बाद में युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पूछताछ के दौरान हाथ पर जानकारी लिखने का वीडियो वायरल
पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ के दौरान जांच अधिकारी द्वारा उसकी बताई जा रही जानकारी कागज के बजाय अपने हाथ पर लिखे जाने का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
मानपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध शर्मा ने बताया कि चोरी के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पूछताछ एवं जांच के दौरान कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के पास से मोबाइल फोन और कुछ नकदी बरामद की गई है। चोरी गए अन्य सामान की बरामदगी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।