बांका/धोरैया: बिहार के बांका जिले के धोरैया थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। चलना पंचायत के इस्लामपुर गांव में जहरीले सांप के डंसने से पिता और उनके दो वर्षीय बेटे की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
मृतकों की पहचान मु. सरफराज अंसारी (28) और उनके दो वर्षीय बेटे सुफियान अंसारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात दोनों घर में जमीन पर सो रहे थे। इसी दौरान जहरीले सांप ने पहले बच्चे को डंस लिया।
बच्चे के रोने की आवाज सुनकर सरफराज की नींद खुली। उन्होंने बेटे को शांत कराया और दोबारा सुला दिया। कुछ समय बाद सांप ने सरफराज को भी डंस लिया। जागने पर उन्होंने सांप को देखा और उसे मार दिया।
इलाज के बजाय झाड़फूंक में बीता समय
घटना के बाद परिजन सरफराज को तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़फूंक कराने के लिए जयपुर गांव लेकर चले गए। वहां काफी समय बीतने के बाद उनकी तबीयत और बिगड़ने लगी। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
सीएचसी में चिकित्सक डा. दीपक कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर सरफराज को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बांका रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उनकी मौत हो गई।
सुबह मां ने बेटे को जगाया तो नहीं मिली सांस
इधर, सुफियान घर में ही सोया हुआ था। शुक्रवार सुबह उसकी मां आयशा खातून ने बच्चे को जगाने की कोशिश की, लेकिन वह मृत मिला। एक ही घटना में पति और बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
ग्रामीणों के मुताबिक, सरफराज मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह करीब डेढ़ महीने पहले ही हैदराबाद से काम करके गांव लौटे थे। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।