IND W vs JPN W: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार जीत के साथ की है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जापान को 8 विकेट से हरा दिया।
भारतीय गेंदबाजों के सामने जापान की पूरी टीम महज 57 रन पर सिमट गई, जिसके बाद भारत ने बेहद तेजी से लक्ष्य हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
श्रीचरणी की घातक गेंदबाजी ने जापान की कमर तोड़ी
भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। शुरुआत में जापान की बल्लेबाजों ने संभलकर खेला, लेकिन पारी आगे बढ़ने के साथ भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालने शुरू कर दिए।
श्रीचरणी ने 4 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 4 विकेट झटके, जो उनके टी20 करियर के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शनों में शामिल रहा।
जापान की ओर से अयाका काटो-स्टैफोर्ड ने 25 रन बनाकर टीम की पारी को संभालने की कोशिश की। उनके अलावा केवल एक अन्य बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक पहुंच सकी।
भारत की ओर से शेफाली वर्मा ने 2 विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा और श्रेयांका पाटिल को एक-एक सफलता मिली। दो विकेट रन आउट के जरिए आए।
5 ओवर में भारत ने खत्म किया मैच
58 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को हालांकि शुरुआत में दो झटके लगे। कमालिनी गुनालन बिना खाता खोले आउट हुईं, जबकि भारती फूलमाली 6 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद शेफाली वर्मा ने मोर्चा संभाल लिया और जापानी गेंदबाजों पर तेजी से रन बटोरे।
शेफाली ने महज 15 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। ऋचा घोष ने भी 6 गेंदों पर नाबाद 12 रन की तेज पारी खेली। भारत ने सिर्फ 5 ओवर में 59/2 का स्कोर बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अब सेमीफाइनल में बांग्लादेश से मुकाबला
जापान के खिलाफ जीत के साथ भारतीय महिला टीम एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। अगले चरण में भारत का सामना बांग्लादेश से होगा। टूर्नामेंट में महिला क्रिकेट के मुकाबले टी20 प्रारूप में खेले जा रहे हैं।
भारत की इस जीत में गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों का योगदान देखने को मिला। जहां श्रीचरणी ने जापान की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई, वहीं शेफाली ने बेहद कम समय में लक्ष्य हासिल कर टीम को अगले दौर में पहुंचा दिया।