124 किमी लंबे मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन का 80-85 प्रतिशत काम पूरा, पाटम में हाईटेंशन टावर शिफ्टिंग शुरू; विक्रमशिला सेतु और श्रीकृष्ण सेतु पर घटेगा दबाव
मुंगेर: मुंगेर और भागलपुर के बीच फोरलेन सड़क का इंतजार अब खत्म होने के करीब है। मुंगेर-मिर्जाचौकी के बीच बन रहे 124 किलोमीटर लंबे फोरलेन के पहले चरण में मुंगेर से भागलपुर के बीच वाहनों का परिचालन दुर्गापूजा के बाद शुरू होने की उम्मीद है।
परियोजना का करीब 80 से 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और निर्माण एजेंसियों ने बचे हुए काम को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जुलाई में ही इस मार्ग पर परिचालन शुरू करने का निर्देश दिया था। हालांकि, निर्माण कार्य की धीमी गति और कई जगह काम अधूरा रहने के कारण तय समयसीमा में फोरलेन चालू नहीं हो सका। अब निर्माण एजेंसियां शेष कार्यों को जल्द पूरा करने में जुटी हैं।
पाटम में तीन हाईटेंशन टावर शिफ्ट करने का काम शुरू
मुंगेर के पाटम के पास फोरलेन के रास्ते में आने वाले हाईटेंशन बिजली के तीन टावरों को शिफ्ट करने का काम शुक्रवार से शुरू कर दिया गया। एनएचएआइ के परियोजना निदेशक मनीष कुमार के अनुसार, बिजली विभाग से शटडाउन लेकर टावर शिफ्टिंग का काम शुरू हुआ है।
टावरों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया पूरी होने में करीब पांच से छह दिन लगने की संभावना है। इसके बाद संबंधित हिस्से में फोरलेन निर्माण को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
विक्रमशिला सेतु पर कम होगा वाहनों का दबाव
मुंगेर-भागलपुर फोरलेन के चालू होने से विक्रमशिला सेतु पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। मई से विक्रमशिला सेतु पर बड़े वाहनों का परिचालन बंद होने के कारण मुंगेर-बरियारपुर एनएच-80 और श्रीकृष्ण सेतु पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है।
भागलपुर आने-जाने वाले बड़े वाहन बरियारपुर होकर श्रीकृष्ण सेतु की ओर जा रहे हैं। बरियारपुर तीन बटिया से करीब 700 मीटर आगे निर्माणाधीन फोरलेन के हिस्से में भी फिलहाल वाहनों का आवागमन कराया जा रहा है। सीमित दो लेन वाले हिस्से में वाहनों का दबाव बढ़ने से अक्सर जाम की स्थिति बन रही है।
बताया गया है कि विक्रमशिला सेतु पर बड़े वाहनों का परिचालन बंद होने के कारण प्रतिदिन करीब पांच से साढ़े पांच हजार अतिरिक्त वाहन श्रीकृष्ण सेतु के रास्ते उत्तर बिहार, पटना, कोसी और सीमांचल की ओर जा रहे हैं। फोरलेन शुरू होने के बाद इन वाहनों को एक वैकल्पिक और बेहतर मार्ग मिलने की उम्मीद है।
इससे मुंगेर-भागलपुर के बीच यातायात सुगम होने के साथ ही श्रीकृष्ण सेतु और आसपास के संपर्क मार्गों पर भी वाहनों का दबाव कम हो सकता है।
इन हिस्सों में अभी बाकी है निर्माण कार्य
फोरलेन परियोजना के कुछ हिस्सों में अभी निर्माण कार्य पूरा होना बाकी है। मुंगेर के शुरुआती हिस्से में करीब दो किलोमीटर सड़क का निर्माण बाकी बताया गया है। वहीं, बरियारपुर में लगभग 150 मीटर और पाटम के पास करीब 700 मीटर हिस्से में काम पूरा होना है।
इसके अलावा तेलिया तालाब के समीप निर्माणाधीन ओवरब्रिज का काम भी अंतिम चरण में है। इसके करीब एक माह में पूरा होने की संभावना जताई गई है।
शेष निर्माण कार्य को अक्टूबर के तीसरे सप्ताह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद दुर्गापूजा के बाद मुंगेर-भागलपुर के बीच फोरलेन पर वाहनों का परिचालन शुरू होने की संभावना है।