बिहारशरीफ। जिले में 09 सितंबर से 08 अक्टूबर तक पोषण माह 2026 का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस वर्ष की थीम “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखी गई है, जिसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाने के साथ समुदाय की भागीदारी एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
पोषण माह के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक जन-जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित होंगी। बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा परिवारों को पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास की जानकारी दी जाएगी।
अभियान में आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं गर्म पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास हेतु पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पर विशेष फोकस रहेगा।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्धारित कैलेंडर के अनुसार गतिविधियां आयोजित करने तथा दैनिक प्रगति जन-आंदोलन डैशबोर्ड पर अपलोड करने का निर्देश दिया है। आमजनों से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।
“सुपोषित नालंदा, स्वस्थ नालंदा” के निर्माण में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण आधार बताया गया। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के पदाधिकारी, सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका, आंगनबाड़ी सेविका एवं जीविका कर्मी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।