दाउदनगर के पिराहीबाग में कार्रवाई के दौरान जुटी 60-70 लोगों की भीड़, मंगलवार तड़के कई ठिकानों पर पुलिस की दबिश
दाउदनगर (औरंगाबाद)। औरंगाबाद के दाउदनगर शहर के पिराहीबाग इलाके में पुलिस टीम पर पथराव करने और पुलिस के कब्जे से मवेशी लदा जब्त वाहन छुड़ाकर ले जाने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। पुलिस मवेशियों के क्रूरतापूर्ण परिवहन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची थी।
इसी दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और स्थिति देखते ही देखते तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस के अनुसार, करीब 60 से 70 लोगों की भीड़ मौके पर पहुंची और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। अफरातफरी के बीच भीड़ ने पुलिस के कब्जे में मौजूद मवेशी लदे वाहन को जबरन छुड़ा लिया और वहां से लेकर चली गई।
घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
कागजात की जांच के बीच अचानक बढ़ गई भीड़
बताया जाता है कि पुलिस को पिराहीबाग इलाके में मवेशियों के अवैध अथवा क्रूरतापूर्ण परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मवेशी लदे वाहन को जब्त कर लिया।
इस दौरान संबंधित लोग मवेशियों से जुड़े कागजात पुलिस के सामने प्रस्तुत कर रहे थे। पुलिस टीम कागजात का सत्यापन कर ही रही थी कि इसी बीच वहां लोगों की संख्या बढ़ने लगी।
कुछ ही समय बाद भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस टीम पर पथराव किया गया। इसी अफरातफरी का फायदा उठाकर भीड़ जब्त वाहन को लेकर वहां से निकल गई।
SP ने की घटना की पुष्टि, दर्ज हुई प्राथमिकी
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस अब घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
मंगलवार सुबह कई इलाकों में पुलिस की छापेमारी
वाहन छुड़ाने और पुलिस टीम पर पथराव की घटना के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए मंगलवार अहले सुबह पुलिस ने अभियान शुरू किया। एसडीपीओ चंद्र भूषण के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस टीम ने पिराहीबाग इलाके में सघन छापेमारी की।
इस अभियान में पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष विकास कुमार, अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार, हसपुरा थानाध्यक्ष दिनेश कुमार, ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार और देवकुंड थाने की पुलिस शामिल रही।
कई संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
एसडीपीओ के अनुसार, पुलिस ने कई संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और घटना के दौरान उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस अब उन सभी लोगों की पहचान करने में जुटी है, जो पथराव और जब्त वाहन छुड़ाने की घटना में शामिल थे। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।
मामले की जांच के साथ पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है