रहुई (नालंदा)। भागन बिगहा स्थित गौतम इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिक संस्थान में शुक्रवार को रिजल्ट को लेकर विरोध जताने पहुंचे छात्र-छात्राओं और सुरक्षा गार्डों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और कॉलेज परिसर कुछ देर के लिए रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। घटना में एक छात्रा के सिर में चोट लग गई।
बताया गया कि बीएससी 2024-28 के प्रथम सेमेस्टर में करीब 80 प्रतिशत छात्र-छात्राओं के अनुत्तीर्ण होने को लेकर छात्र-छात्राएं संस्थान पहुंचे थे। वे प्रबंधन से मिलकर रिजल्ट से संबंधित अपनी समस्या रखना चाहते थे।
मेन गेट बंद करने पर शुरू हुआ विवाद
छात्र-छात्राओं के अनुसार, वे संस्थान के प्रबंधन से मिलने के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान संस्थान का मेन गेट बंद कर दिया गया और उसमें ताला लगा दिया गया। छात्र-छात्राएं अंदर जाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। इसी बीच छात्रों और सुरक्षा गार्डों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
छात्रा के सिर में लगी चोट
छात्रों का आरोप है कि विवाद के दौरान एक गार्ड ने हॉकी स्टिक से एक छात्रा की पिटाई कर दी, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। छात्रा के घायल होने के बाद वहां मौजूद अन्य छात्राएं आक्रोशित हो गईं और गार्ड के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट और तेज हो गई। छात्रों का आरोप है कि गार्डों ने भी छात्राओं के साथ मारपीट की और बांस से पिटाई की। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
बाउंसरों के पहुंचने के बाद बढ़ा हंगामा
छात्रों का आरोप है कि विवाद के दौरान संस्थान के बाउंसर भी मौके पर पहुंच गए और छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट करने लगे। बाउंसरों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति और बिगड़ गई। कैंपस में हंगामा बढ़ने से छात्र-छात्राओं के बीच भी दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद छात्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी देखी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, चार लोग हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही भागन बिगहा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को अलग कराया और मामले को शांत कराया। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें कॉलेज कर्मी और बाउंसर शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है।
घटना के बाद घायल छात्रा को इलाज के लिए भेजा गया। वहीं छात्र-छात्राओं में घटना को लेकर काफी आक्रोश है।
छात्राओं ने की कार्रवाई की मांग
घटना के बाद छात्राओं ने संस्थान के सुरक्षा कर्मियों और बाउंसरों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। छात्र-छात्राओं का कहना है कि रिजल्ट से जुड़ी समस्या को लेकर वे संस्थान प्रबंधन से बातचीत करने पहुंचे थे, लेकिन विवाद के बाद स्थिति हिंसक हो गई। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के आरोपों की जानकारी जुटाई जा रही है।
थाने में आवेदन का इंतजार
भागन बिगहा थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने बताया कि कॉलेज के करीब 20 छात्र रात करीब नौ बजे तक थाना में आवेदन देने के लिए मौजूद हैं, लेकिन अभी तक उनकी ओर से कोई आवेदन नहीं दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस करीब चार लोगों, जिसमें कॉलेज कर्मी और बाउंसर शामिल हैं, को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।