गोपालगंज, 12 अगस्त 2026: मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को गोपालगंज जिले के थावे प्रखंड के चनावे गांव में प्रस्तावित मां थावे मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निर्माण के लिए चिह्नित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से परियोजना से जुड़ी तैयारियों और निर्माण से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को साइट मैप के माध्यम से प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निर्माण से जुड़ी जानकारी दी। 25 एकड़ 20 डिसमिल भूमि पर प्रस्तावित इस परियोजना के तहत स्थल की उपलब्धता, आधारभूत सुविधाओं, पहुंच मार्ग, भूमि की स्थिति समेत अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मां थावे मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निर्माण से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां थावे मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निर्माण से गोपालगंज सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे जिले में स्वास्थ्य क्षेत्र की नई आधारभूत संरचना विकसित होगी और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए स्थानीय लोगों को जिले से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार, विधान पार्षद जनक राम सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, सारण प्रमंडल के आयुक्त डॉ. मनीष कुमार, सारण प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक नीलेश कुमार, गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरभ और पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी समेत अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।