परिजनों ने प्रेम-प्रसंग में हत्या कर शव लटकाने का लगाया आरोप, पुलिस दोनों एंगल से कर रही जांच
बिहारशरीफ। नूरसराय थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा युवक का शव ट्रांसफॉर्मर के पोल से फंदे के सहारे लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बारा बिगहा गांव निवासी धर्मेंद्र पासवान (32 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने प्रेम-प्रसंग के चलते हत्या किए जाने और हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पोल से लटकाने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस फिलहाल हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मृतक के पिता अरुण पासवान ने बताया कि धर्मेंद्र की शादी वर्ष 2014 में हुई थी और उसके दो बेटे हैं। वह चेन्नई की एक कंपनी में काम करता था और हाल ही में 21 अगस्त को गांव लौटा था। पिता के अनुसार शादीशुदा होने के बावजूद धर्मपुर गांव की एक युवती से उसका करीब दो वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
परिजनों के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब ढाई-तीन बजे धर्मेंद्र युवती से मिलने धर्मपुर गया था। वहां से उसने 500 रुपये लिए और फिर गांव लौटकर दोस्तों के साथ शराब पी। शाम करीब पांच बजे वह दोबारा धर्मपुर गया। वहां से लौटने के बाद पत्नी और परिवार के लोगों ने उसे इस मामले को लेकर फटकार भी लगाई थी।
नालंदा : पिता ने लगाया हत्या का आरोप
परिजनों को मंगलवार सुबह मुखिया और चौकीदार के माध्यम से सूचना मिली कि धर्मेंद्र का शव गांव में ट्रांसफॉर्मर के पोल से लटका हुआ है। पिता अरुण पासवान ने आरोप लगाया कि प्रेमिका के पिता और उसके परिजनों ने धर्मेंद्र की हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए पोल से लटका दिया।
परिजनों का दावा है कि आरोपी चार पहिया वाहन से शव लेकर आए थे। महतो जी के खेत के पास वाहन खड़ा कर शव को यहां लटकाया गया। परिजनों के अनुसार घटनास्थल के पास धर्मेंद्र का गमछा भी मिला है।
ग्रामीणों ने भी जताई हत्या की आशंका
धर्मेंद्र के साथ रहने वाले ग्रामीण लाल चंद मांझी ने भी हत्या की आशंका जताई। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम करीब पांच बजे तक धर्मेंद्र उनके साथ था। इसके बाद वह घर चला गया था। सुबह एक किसान ने किसी व्यक्ति के मृत पड़े होने की जानकारी दी।
मौके पर पहुंचने पर धर्मेंद्र का शव गमछे के सहारे एंगल से बंधा मिला और उसका पैर जमीन से सटा हुआ था। इसी आधार पर ग्रामीणों ने भी इसे हत्या का मामला होने की आशंका जताई है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
वहीं, नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।