बिहारशरीफ। Nalanda: प्रखंड के ग्राम पंचायत राज पचौरी अंतर्गत जोरारपुर गांव निवासी आनंदी प्रसाद की ठनका की चपेट में आने से हुई मौत के बाद उनके आश्रित पत्नी सुनीता कुमारी को राज्य सरकार की ओर से आपदा सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
चेक क्षेत्रीय विधायक सह बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क विभाग के मंत्री तथा जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार एवं विधान पार्षद रीना यादव की मौजूदगी में सौंपा गया।
मंत्री श्रवण कुमार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में धैर्य एवं हिम्मत से काम लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपदा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमेशा कहते रहे हैं कि राज्य सरकार के खजाने पर पहला हक आपदा पीड़ित परिवारों का है।
उन्होंने कहा कि असमय हुई क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि परिवार को आगे किसी प्रकार की परेशानी न हो। मंत्री ने अधिकारियों को पीड़ित परिवार को निर्धारित चार लाख रुपये की सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया।
श्रवण कुमार ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है। ‘न्याय के साथ विकास’ के संकल्प के साथ राज्य के समग्र विकास और आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास लगातार जारी है।
मौके पर बीडीओ मनीष कुमार, प्रखंड जदयू अध्यक्ष धनंजय प्रसाद कुशवाहा, जिला जदयू प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार, देव युगल किशोर, मुखिया विश्वास सिंह, सकलदीप प्रसाद, जीतन चौहान, मुन्ना पासवान, गुलशन कुशवाहा, बिट्टू कुशवाहा, पुष्पराज सिंह, छोटू कुमार, रंजीत सिंह, संजय राम, संजय प्रसाद कुशवाहा, उदय प्रसाद, टुन्नी कुशवाहा, मनोज यादव, सन्नी कुशवाहा, मिंटू कुशवाहा सहित कई लोग मौजूद रहे।