Nalanda News। नालंदा जिले के इस्लामपुर में एक युवती से मिलने पहुंचे 21 वर्षीय युवक की तीन मंजिला मकान की छत से गिरकर मौत हो गई। घटना सोमवार दोपहर बाद गौरव नगर मोहल्ले की है। मृतक की मां ने युवती के परिजनों पर बेटे की पिटाई कर छत से धक्का देने का आरोप लगाया है। वहीं युवती पक्ष ने आरोपों को खारिज करते हुए युवक के खुद छत से छलांग लगाने की बात कही है।
मृतक की पहचान जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र के कटौली गांव निवासी किशोरी प्रसाद के पुत्र रजनीश कुमार के रूप में हुई है। वह पटना की एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करता था। मृतक की मां सुषमा देवी के अनुसार, रजनीश का एक युवती से करीब पांच वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती अपने परिवार किराए के मकान में रहती है।
मृतक की मां का आरोप है कि युवती ने फोन कर रजनीश को घर बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद युवती के परिजनों ने उसे पकड़कर मारपीट की और छत से नीचे फेंक दिया।
वहीं युवती के परिजनों का कहना है कि युवक चोरी-छिपे घर में आया था। लोगों की नजर पड़ने पर वह घबराकर भागने लगा और इसी दौरान छत से गिर गया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक छत से नीचे गली में गिरता दिखाई दे रहा है। गंभीर रूप से घायल रजनीश को इलाज के लिए पटना ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर हिलसा-2 डीएसपी रामदुलार प्रसाद और इस्लामपुर थानाध्यक्ष रणविजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने युवती और उसके माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष के अनुसार सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।