Nalanda News: वेना थाना क्षेत्र के सिहुली मोड़ स्थित ब्रह्म बाबा स्थान के पास रविवार की अहले सुबह फ्लाईओवर पर सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी गश्ती कर रही पुलिस को हुई, जब पुलिस की नजर सड़क पर पड़े तीन युवकों पर पड़ी।
पुलिस ने तत्काल तीनों को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान सोहसराय थाना क्षेत्र के बीच बाजार निवासी श्रवण सिंह के 24 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान बीच बाजार निवासी पप्पू शर्मा के 26 वर्षीय पुत्र वीर शर्मा और सोहसराय पानी टंकी निवासी राजेंद्र कुमार के पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने घायलों के पास मिले मोबाइल और बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उनके परिजनों को घटना की सूचना दी।
हादसे की सूचना मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।