सोहसराय बीच बाजार में धार्मिक अनुष्ठान, पूर्व मंत्री डॉ. सुनील कुमार समेत कई गणमान्य हुए शामिल
Nalanda News। बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र के सोहसराय बीच बाजार स्थित ऐतिहासिक बुढ़वा गणेश स्थान के पुनर्निर्माण कार्य का विधि-विधान एवं श्रद्धापूर्वक भूमि-पूजन और शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भगवान गणेश एवं भगवान शिव की पूजा-अर्चना की गई तथा बिहारवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की गई।
कार्यक्रम में बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व मंत्री डॉ. सुनील कुमार एवं जदयू के राष्ट्रीय महासचिव सह पूर्व विधायक इंजीनियर सुनील कुमार पहुंचे। स्थानीय श्रद्धालुओं और आयोजन समिति के सदस्यों ने दोनों नेताओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि सनातन धर्म हमारी प्राचीन संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्यों का आधार है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के लिए ऐसे आस्था केंद्रों का संरक्षण और विकास आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बुढ़वा गणेश स्थान स्थानीय लोगों की आस्था से जुड़ा पवित्र स्थल है।
इसके पुनर्निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण मिलने की उम्मीद है।
वहीं इंजीनियर सुनील कुमार ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का विकास समाज की आस्था और गौरवशाली परंपराओं से जुड़ा विषय है। उन्होंने पुनर्निर्माण कार्य के सफल एवं निर्विघ्न पूरा होने की कामना की।
कार्यक्रम में जदयू नगर जिला अध्यक्ष प्रदुम्न कुमार, शंभू शरण गुप्ता, पूर्व मेयर सुधीर कुमार, के.डी. यादव, ईश्वर कुमार, प्रमोद कुमार, उमेश यादव, उमेश कुमार, राकेश कुमार, रंजीत कुमार, सुनील कुमार, गोल्डन कुमार, सत्येंद्र कुमार, संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।