बिहारशरीफ। Nalanda आगामी छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी उदिता सिंह ने बुधवार को बिहारशरीफ शहर एवं आसपास के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, रोशनी, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
डीएम ने टिकुलीपर तालाब, धनेश्वर घाट, मनीराम अखाड़ा घाट, कोसुक छठ घाट, आशानगर, सूर्यमंदिर घाट और मोरातालाब घाट सहित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने, कमजोर बांस की बैरिकेडिंग को मजबूत बल्लियों से बदलने तथा जरूरत के अनुसार दोहरी बैरिकेडिंग करने को कहा गया। इसके अलावा घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, माइकिंग तथा आवश्यकतानुसार कंट्रोल रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं के लिए शौचालय सहित अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। संवेदनशील घाटों पर एनडीआरएफ की टीम की तैनाती और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारी रखने को कहा। साथ ही प्रत्येक घाट पर संभावित भीड़, वाहनों के आवागमन और पार्किंग की उपलब्धता के अनुसार यातायात प्रबंधन करने का निर्देश दिया।

कोसुक घाट पर निर्माण कार्य के कारण विशेष अपील
निरीक्षण के दौरान कोसुक नदी स्थित छठ घाट की स्थिति की भी समीक्षा की गई। यहां मरम्मत, विस्तार एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित निर्माण कार्य जारी है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि इस वर्ष यथासंभव कोसुक घाट के बजाय अपने घर के आसपास स्थित किसी अन्य सुविधाजनक छठ घाट को प्राथमिकता दें।
जिला प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण मिल सके तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी किसलय श्रीवास्तव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 अमरनाथ सहित कई संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
