Nalanda News। सोहसराय थाना क्षेत्र के कोल्ड स्टोरेज आशानगर मोड़ के पास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है। बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन 7.66 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को गणेश पूजा विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण के क्रम में थानाध्यक्ष सोहसराय को सूचना मिली कि आशानगर मोड़ के पास एक व्यक्ति द्वारा ब्राउन शुगर की बिक्री की जा रही है। सूचना से वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराने के बाद सत्यापन एवं छापेमारी के लिए टीम गठित की गई।
छापेमारी दल ने बताए गए स्थान पर कार्रवाई की तो पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मोनु कुमार बिहारी (28), पिता अर्जुन प्रसाद, निवासी बीच बाजार संगतपर, थाना सोहसराय, नालंदा के रूप में हुई।
पुलिस ने दंडाधिकारी की उपस्थिति में तलाशी के निर्धारित नियमों का पालन करते हुए उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान प्लास्टिक में लिपटी 16 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कुल वजन 7.66 ग्राम पाया गया।
इस मामले में सोहसराय थाना कांड संख्या 296/26, दिनांक 29 सितंबर 2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार स्थिति सामान्य है।
छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक आलिम अंसारी, पुलिस अवर निरीक्षक नन्द कुमार सिंह एवं थाना के सुरक्षित बल शामिल थे।