Nalanda News। नालंदा पुलिस ने अवैध विदेशी शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिहार थाना क्षेत्र के पंडितनगर मोहल्ले में एक गैराज से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामदगी में 347.75 लीटर विदेशी शराब के अलावा एक मोबाइल फोन और काले रंग की स्कॉर्पियो शामिल है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को बिहार थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि पंडितनगर स्थित ज्ञान सागर लाइब्रेरी के बगल में एक गैराज में काले रंग की स्कॉर्पियो खड़ी है, जिसमें अंग्रेजी शराब लदी है और वहां से शराब की सप्लाई की जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल गैराज में छापेमारी की। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से विभिन्न बैच नंबर की कुल 347.75 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मौके से स्मित पटेल (23 वर्ष), पिता रविन्द्र प्रसाद, निवासी गौसनगर, थाना सरमेरा, नालंदा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने शराब के आपूर्तिकर्ता एवं प्राप्तकर्ता के संबंध में भी जानकारी दी है। इस मामले में बिहार थाना कांड संख्या 547/26, दिनांक 29 सितंबर 2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं संशोधित उत्पाद अधिनियम 2022 की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवक वर्तमान में पंडितनगर स्थित नवीन कुमार के मकान में किराये पर रह रहा था।
कार्रवाई के दौरान 347.75 लीटर विदेशी शराब, सैमसंग कंपनी का एस-25 अल्ट्रा मोबाइल फोन तथा काले रंग की स्कॉर्पियो (रजिस्ट्रेशन नंबर BR02BZ-9485) बरामद की गई।
छापेमारी दल में परिवीक्षाधीन पुलिस अवर निरीक्षक रविप्रकाश, परिवीक्षाधीन पुलिस अवर निरीक्षक खुशबु कुमारी, सिपाही पिन्टु कुमार, जयप्रकाश सिंह, मणिकांत कुमार एवं गृहरक्षक स्वीटी कुमारी शामिल थे।