Nalanda News। जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक किया जा रहा है। इसका उद्घाटन उप विकास आयुक्त सारा अशरफ ने किया।
उद्घाटन समारोह में जिला खेल पदाधिकारी-सह-भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR) सहित जिले के कई वरीय पदाधिकारी, शारीरिक शिक्षक, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।
इस अवसर पर डीडीसी सारा अशरफ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी निष्ठा, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं खेल क्लबों से करीब 4,000 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता में कुल 24 खेल स्पर्धाएं निर्धारित की गई हैं, जिनमें से 18 स्पर्धाओं का संचालन बुधवार से विभिन्न खेल मैदानों में शुरू हो गया।
पहले दिन एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और फुटबॉल सहित कई खेलों के मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में प्रतिभावान खिलाड़ियों के निष्पक्ष चयन के लिए विभिन्न खेलों में निर्णायक मंडल एवं तकनीकी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा।
आयोजन को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए सभी खेल स्थलों पर प्राथमिक चिकित्सा, पेयजल, सुरक्षा समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।