मुंगेर। शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने एप्रोच पथ पर एक पिकअप वाहन से 297.75 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। तस्करी के लिए शराब को छिपाने का तरीका भी चौंकाने वाला था। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए शराब की खेप को लकड़ी के गुटका के अंदर छिपाकर रखा था।
वाहन की जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम को शक हुआ। तलाशी लेने पर लकड़ी की गुटका के अंदर छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई। इसके बाद टीम ने पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया।
मुंगेर : चालक को मौके से किया गया गिरफ्तार
गिरफ्तार चालक की पहचान बांका जिले के खेसर थाना क्षेत्र के मैदान गांव निवासी छोटू कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान चालक ने उत्पाद विभाग के अधिकारियों को शराब की खेप से जुड़े कई अहम जानकारी दी।
चालक के अनुसार, उसने झारखंड से शराब लोड की थी। इसके बाद शराब की खेप को महेशकुंट ईंट-भट्ठा के समीप पहुंचाना था। वहां उसे शराब की खेप दूसरे तस्कर के हवाले करनी थी।
सूचना के आधार पर शुरू हुई वाहन जांच
मद्यनिषेध के सहायक आयुक्त विकेश कुमार के अनुसार, विभाग को सूचना मिली थी कि शराब की एक बड़ी खेप एप्रोच पथ के रास्ते खगड़िया की ओर ले जाई जा रही है।
सूचना मिलने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने आइटीसी दूध फैक्ट्री के समीप वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान टीम ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान लकड़ी की गुटका के अंदर शराब छिपाकर रखे जाने का खुलासा हुआ। इसके बाद शराब की पूरी खेप को जब्त कर लिया गया और वाहन चालक छोटू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
लकड़ी के अंदर छिपाकर रखी थी शराब
तस्करों ने शराब को सामान्य तरीके से वाहन में रखने के बजाय लकड़ी की गुटका के अंदर छिपाया था। मकसद यही था कि वाहन की सामान्य जांच के दौरान शराब पुलिस या उत्पाद विभाग की नजर में न आए।
हालांकि, विभाग को पहले से मिली सूचना के आधार पर की जा रही जांच में संदिग्ध पिकअप को रोक लिया गया। तलाशी के बाद तस्करी का पूरा मामला सामने आ गया।
दूसरे तस्करों की तलाश जारी
अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार चालक से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
विभाग अब यह भी पता लगाने में जुटा है कि झारखंड से शराब की खेप किसके जरिए भेजी गई थी और महेशकुंट में इसे किस तस्कर तक पहुंचाया जाना था। इसके अलावा वाहन के कागजात और शराब की खेप से संबंधित जानकारी भी खंगाली जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी टीम में कौन-कौन शामिल था?
इस कार्रवाई में मद्यनिषेध निरीक्षक धर्मवीर कुमार, एएसआइ सुजीत कुमार, स्मृति प्रिया, महेंद्र सिंह, विशाल कुमार और रविंद्र कुमार शामिल थे।
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा है। विभाग का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।